दिल्ली निवासी कैफ मोहम्मद एक हिंदू युवती के साथ वृंदावन घूमने आया था। हिंदू संगठनों का आरोप है कि लड़की को बहला-फुसलाकर यहां लाया गया है।

ज्योति शर्मा, मथुरा: धर्मनगरी वृंदावन में लव जिहाद के संदेह में हिंदू संगठनों ने भारी हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेम मंदिर के पास स्थित एक होटल के कमरे का ताला तुड़वाया। अंदर एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती मौजूद मिले जिनको हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के करोल बाग निवासी कैफ मोहम्मद (21) दिल्ली के ही नेहरू नगर की रहने वाली हिंदू युवती के साथ 5 जनवरी को वृंदावन घूमने आया था। दोनों प्रेम मंदिर के आगे स्थित होटल में रुके हुए थे। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और करणी सेना के पदाधिकारियों को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद भारी संख्या में कार्यकर्ता होटल पहुंच गए।
युवती को परिजनों के हवाले किया
होटल में हंगामे की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद होटल का कमरा बंद होने के कारण पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने होटल में कमरे का ताला तोड़कर युवक-युवती को बाहर निकाला। पुलिस ने मुस्लिम युवक को हिरासत में लेकर वृंदावन कोतवाली भेज दिया है, जबकि युवती के परिजनों को सूचना देकर सुपुर्द किया।
छानबीन में जुटी है पुलिस
विहिप मातृशक्ति विभाग की संयोजिका प्रियंका ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि करोल बाग का रहने वाला कैफ मोहम्मद नेहरू नगर की एक हिंदू लड़की को बहला-फुसलाकर वृंदावन लाया है। हमने तुरंत पुलिस को सूचित किया और इन्हें पकड़वाया। वहीं, क्षत्रिय करणी सेना के जिला सचिव अजय ठाकुर ने बताया कि हिंदू संगठनों को सूचना मिली थी कि मुस्लिम युवक हिंदू लड़की के साथ होटल में रुका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





