
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक हिंदू रेजिडेंट डॉक्टर छात्रा ने KGMU के ही एक मुस्लिम रेजिडेंट डॉक्टर पर प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक शोषण और शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामले के सामने आने के बाद आरोपी डॉक्टर फरार हो गया है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी डॉक्टर ने पहले उसे प्रेम संबंध में उलझाया और फिर शादी के लिए उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाया। मानसिक तनाव के चलते पीड़िता ने हॉस्टल के अपने कमरे में आत्महत्या की कोशिश भी की थी, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।
जांच में सामने आया है कि फरार होने से पहले आरोपी डॉक्टर KGMU की विशाखा कमेटी के सामने पेश हुआ था। यहां उसने कथित तौर पर कहा कि युवती को उसके साथ रहने के लिए धर्म परिवर्तन करना होगा। कमेटी ने आरोपी के बयान लिखित रूप में दर्ज किए हैं। इसके बाद से वह विश्वविद्यालय से गायब है।
जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी डॉक्टर पहले भी एक अन्य हिंदू डॉक्टर छात्रा से निकाह कर चुका है, जो उसकी पहली पत्नी बताई जा रही है। इसके बाद दूसरी रेजिडेंट डॉक्टर को कथित रूप से अपने प्रेम जाल में फंसाने का आरोप लगा है।
इस मामले में भाजपा नेता और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव भी सक्रिय हो गई हैं। जानकारी के अनुसार आरोपी डॉक्टर के उत्तराखंड भागने की आशंका है, जिसके चलते अपर्णा यादव अपनी टीम के साथ वहां पहुंची हैं। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
पीड़िता ने महिला आयोग को दिए बयान में यह भी कहा है कि इस पूरे मामले में कुछ अन्य डॉक्टरों की भूमिका भी संदिग्ध हो सकती है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आरोपी की तलाश में जुटे हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता और आरोपी दोनों ही KGMU के पैथोलॉजी विभाग में रेजिडेंट डॉक्टर हैं।





