क्राइम में मारना चाहता था सेंचुरी, पर 500 के नोट ने पलटी ऐसी बाजी, 25 के आंकड़े पर पहुंचा जेल

3Views
क्राइम में मारना चाहता था सेंचुरी, पर 500 के नोट ने पलटी ऐसी बाजी, 25 के आंकड़े पर पहुंचा जेल

सदर थाना रोड, पहाड़गंज में दीपक उर्फ नेपाली और शिवम उर्फ अभिषेक ने 19,500 रुपये व आधार कार्ड लूटा. दोनों गिरफ्तार, शिवम पर 25 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं.

Crime News: अंधेरा बढ़ने के साथ पहाड़गंज के सदर थाना रोड पर हलचल कम होनी लगी थी. दुकानों के शटर गिरना शुरू हो चुके थे और सड़क पर सिर्फ कुछ राहगीर बचे थे. इसी दौरान, खरीददारी करने के लिए पहाड़गंज पहुंचे पीडि़त का दो युवकों ने रास्‍ता रोक लिया. बिना समय गंवाए एक युवक ने पीड़ित को पकड़ लिया और दूसरे ने उसकी जेब में रखी नगदी सहित सारा सामान निकाल लिया. पीड़ित कुछ समझ पाता, उससे पहले दोनों आरोपी अंधेरी गलियों में गायब हो गए.

यह वारदात 20 नवंबर 2025 की है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी. शुरुआती जांच में यह साफ हुआ कि यह कोई साधारण चोरी नहीं, बल्कि सुनियोजित लूट थी. पुलिस टीम ने इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई. पीड़ित को उन संदिग्धों की तस्वीरें दिखाई गईं. उसने दीपक उर्फ लखन उर्फ नेपाली को पहचान लिया. इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी.

22 नवंबर 2025 को पुलिस ने दीपक को मोतीया खान मेन रोड से पकड़ लिया. उसके पास से 1,200 रुपये और पीड़ित का आधार कार्ड बरामद हुआ. पूछताछ में दीपक ने कबूल किया कि उसने यह लूट अपने साथी शिवम उर्फ अभिषेक के साथ मिलकर की थी. हालांकि शिवम फरार था. पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही.

करीब एक महीने बाद 21 दिसंबर 2025 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर टीम ने सादर थाना रोड पर जाल बिछाया. जैसे ही शिवम वहां पहुंचा, उसे दबोच लिया गया. उसकी निशानदेही पर लूट की रकम में से 500 रुपये और बरामद किए गए. जांच में यह भी सामने आया कि शिवम कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उस पर पहले से कम से कम 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

पहाड़गंज के सदर थाना रोड पर दो आरोपियों ने एक व्यक्ति से ₹19,500 नकद और उसका आधार कार्ड लूट लिया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले दीपक उर्फ लखन उर्फ नेपाली की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया. इसके बाद फरार चल रहे सह-आरोपी शिवम उर्फ अभिषेक को भी पुलिस ने दबोच लिया, जिसके पास से लूटी गई रकम का आंशिक हिस्सा बरामद हुआ है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पहले भी 25 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है. निधिन वाल्सन, पुलिस उपायुक्‍त, सेंट्रल डिस्ट्रिक

एक नजर में जाने पूरा मामला

  1. सादर थाना रोड पर दो आरोपियों ने एक व्यक्ति से 19,500 रुपये और आधार कार्ड लूट लिया. वारदात सुनियोजित थी और कुछ सेकेंड में अंजाम दी गई.
  2. सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित की पहचान के आधार पर पहले आरोपी दीपक उर्फ नेपाली को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से नकदी और आधार कार्ड मिला.
  3. फरार आरोपी शिवम उर्फ अभिषेक को एक महीने बाद गुप्त सूचना पर पकड़ा गया. उसके पास से 500 रुपये बरामद हुए.
  4. आरोपी शिवम पर पहले से 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि इलाके में अपराध पर सख्ती और बढ़ाई जाएगी.

Leave a Reply