कर्नाटक के उत्तर कन्नडा जिले में एक शख्स ने महिला की चाकू से हमला करके हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक वह महिला पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।

उत्तर कन्नडा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां यल्लापुर में शादी से इनकार करने पर रंजिता नामक हिंदू महिला की रफीक नामक आरोपी ने हत्या कर दी। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रफीक मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार दोपहर को हुई। जानकारी के मुताबिक जब रंजीता पैदल घर आ रही थी, तब रफीक ने बात करने के लिए उसे रोका। इसी दौरान अचानक उसने चाकू निकाल कर रंजिता के गले पर वार कर दिया। लहूलुहान हालत में रंजिता किसी तरह घर पहुंची, वहां से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
एक साल से संपर्क में था आरोपी
रंजिता के भाई वीरभद्र के अनुसार, आरोपी रफीक रंजिता का हाईस्कूल क्लासमेट था। वह पिछले एक साल से रंजिता के संपर्क में था। सहकारी संघ से कर्ज के पैसे दिलाने के क्रम में उसने रंजिता का फोन नंबर ले लिया और पिछले कुछ महीने से उस पर प्यार का दबाव डालने लगा। रफीक को रंजिता ने चेतावनी भी दी लेकिन फिर भी वो उस पर शादी के लिए दबाव बनाता रहा। जानकारी के मुताबिक रंजिता ने 10 साल पहले तलाक ले लिया था।
हिंदूवादी संगठनों ने किया प्रदर्शन
फिलहाल अब रंजिता की हत्या के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। हत्या की इस घटना से परिजनों में जहां शोक का माहौल है तो वहीं हिंदूवादी संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। तमाम हिंदूवादी संगठनों ने इस मामले को लेकर पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने इस पूरे मामले में लव जिहाद की आशंका जताते हुए यल्लापुर बंद करने का भी आह्वान किया। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं घटना के बाद से पुलिस की टीम लगातार हत्यारे रफीक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।





