
यूपी के उन्नाव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां दही थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में सोमवार सुबह एक महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली नवविवाहिता का शव उसके ही कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिवार में चीख-पुकार मच गई और आस-पड़ोस में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, नवविवाहिता के पिता ने दामाद और उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली 24 वर्षीय स्वेच्छा वर्मा का घर के कमरे में फंदे पर शव लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति से प्रेम विवाह के रूप में संपन्न हुआ था, जिसमें परिवार के सभी लोग शामिल हुए थे। परिजनों के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि स्वेच्छा का शव घर के अंदर फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस पहले से मौजूद थी। पुलिस ने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आपको बताते चलें कि स्वेच्छा वर्मा के पिता मनोज वर्मा का कोरोना काल में निधन हो गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
शादी के एक महीने पूरे होने पर घर पर सेलिब्रेशन
स्वेच्छा वर्मा और सूरज सिंह की शादी को एक महीना पूरा हो गया। इस अवसर पर स्वेच्छा के भाई हनी ने बताया कि चार जनवरी को वह बहन के घर केक और चॉकलेट लेकर गए। हालांकि, स्वेच्छा ने कहा कि इसकी कोई खास जरूरत नहीं थी। इसके बावजूद हनी ने केक और चॉकलेट अपने हाथों में लेकर घर में रख दिए। इस दौरान दीदी अपने पति का इंतजार कर रही थीं। रात लगभग 3 बजे सूरज फैक्ट्री से लौटे और केक तथा पिज्जा भी लेकर आए। लेकिन, तब तक घर के सभी सदस्य सो चुके थे। सूरज ने घरवालों को जगाकर केक और पिज्जा खाने के लिए कहा लेकिन किसी ने नहीं खाया। पत्नी के बारे में पूछे जाने पर घरवालों ने बताया कि स्वेच्छा सो रही है। इसके बाद सूरज अपने कमरे में चले गए। स्वेच्छा सो रही थी।
सोशल मीडिया पर परवान चढ़ा प्यार
कोरोना काल में पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारी संभाल रही स्वेच्छा वर्मा बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर खर्चा निकालती थी। इसी दौरान स्वेच्छा और उनके पड़ोसी श्याम नरेश सिंह के बेटे सूरज का परिचय हो गया। सोशल मीडिया पर संपर्क बढ़ने के बाद दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। शुरुआती दौर में परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन समय के साथ दोनों ने अपने-अपने परिवारों को मनाकर सहमति ले ली। चार दिसंबर को परिवार और मित्रों की मौजूदगी में दोनों ने शादी के बंधन में बंध गए। लोगों ने बताया कि दोनों में कोई तनाव भी नहीं था।
पोस्टमार्टम में हैंगिग से मौत की हुई पुष्टि
नवविवाहिता स्वेच्छा की मौत का मामला संदिग्ध होने से पुलिस ने डॉक्टर के पैनल व वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पैनल में डॉक्टर फैजल जुबैर, निरुपम अवस्थी व महिला डॉक्टर रिया श्रीवास्वत मौजूद रहीं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिग से मौत होने की पुष्टि हुई है।





