मुस्लिमों संग मीट कारोबार और जनता के सामने हिंदूवादी, संगीत सोम पर विधायक अतुल प्रधान का हमला

1View
मुस्लिमों संग मीट कारोबार और जनता के सामने हिंदूवादी, संगीत सोम पर विधायक अतुल प्रधान का हमला

अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम पर सरधना से समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने बड़ा हमला बोला है। अतुल प्रधान ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई दस्तावेजों का हवाला देते हुए दावा किया कि संगीत सोम एक तरफ तो मीट का व्यापार कर रहे हैं, मुस्लिम मीट कारोबारियों की कंपनी में हिस्सेदारी है। दूसरी तरफ हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करके जनता को गुमराह कर रहे हैं।

अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि संगीत सोम का असली चेहरा कुछ और है। उन्होंने कहा कि संगीत सोम मोइन कुरैशी जैसे मुस्लिम व्यापारियों के साथ मिलकर मीट का बड़ा कारोबार करते हैं। उनके पास दो मीट फैक्ट्रियां हैं जिनमें वे खुद डायरेक्टर हैं और उनका मीट विदेशों में सप्लाई होता है। प्रधान ने आगे कहा कि एक तरफ सोम मीट का धंधा करते हैं और दूसरी तरफ फिल्म स्टार शाहरुख खान को ‘देश का गद्दार’ बताकर नफरत फैलाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वे इतने ही हिंदूवादी हैं, तो मीट और शराब के कारोबार में क्यों संलिप्त हैं?

सुरक्षा बनाए रखने के लिए धमकी का ड्रामा

अतुल प्रधान ने संगीत सोम की सुरक्षा को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि सरकार पिछले 11 सालों में संगीत सोम की सुरक्षा पर करीब 66 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। उन्होंने कहा कि उन्हें केंद्र और राज्य दोनों से सुरक्षा मिली हुई है, जिस पर हर महीने 40 से 50 लाख रुपये खर्च होते हैं। हाल ही में उन्हें बांग्लादेश से जो धमकी मिलने की बात कही जा रही है, वह महज उनकी सुरक्षा बचाने का एक ‘प्रोपगेंडा’ है। प्रधान ने मांग की कि सोम पर पहले हुए हमलों (गोबर से सने ग्रेनेड और गोलियां चलना) की सीबीआई जांच होनी चाहिए, क्योंकि आज तक उन मामलों का खुलासा नहीं हुआ।

जमीन कब्जाने के आरोप

सपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि संगीत सोम अपनी सरकारी सुरक्षा का दुरुपयोग कर गरीबों के मकान और जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि संगीत सोम की अकूत संपत्ति और उनके व्यापारिक लेन-देन की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। प्रधान ने मीडिया के सामने कुछ दस्तावेज पेश करते हुए कहा कि उनके पास हर आरोप का पुख्ता सबूत है। यह भी चेतावनी दी कि अगर मेरे आरोप गलत हो तो संगीत सोम मानहानि का केस कर दें।

Leave a Reply