
गाजियाबाद में एक चिकन कॉर्नर पर कारीगर द्वारा थूककर रोटी बनाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वायरल वीडियो सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मुरादनगर कस्बे के रहने वाले जावेद अंसारी के रूप में हुई है।
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद में एक सड़क किनारे ढाबे पर काम करने वाले कुक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह रोटियां बनाने से पहले उन पर थूकता हुआ दिख रहा था। पुलिस ने बताया कि यह घटना मधुबन बापूधाम पुलिस स्टेशन इलाके में दिल्ली-मेरठ रोड पर वर्धमान पुरम पुलिस चौकी के पास एक सड़क किनारे खाने की दुकान पर हुई।
ग्राहकों ने बनाया वीडियो
पुलिस के मुताबिक, कुछ ग्राहकों ने कुक को आटे और रोटियों पर थूकते हुए देखा और उसका वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर बड़े पैमाने पर शेयर किया गया। पुलिस ने गुरुवार शाम को आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि ‘चिकन पॉइंट’ नाम का यह ढाबा वसीम नाम के एक व्यक्ति का है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के समय मालिक दुकान पर मौजूद था या नहीं।
ढाबे के लाइसेंस की वैधता की भी हो रही जांच
एसीपी ने कहा कि पुलिस ढाबे के लाइसेंस की वैधता की भी जांच कर रही है और घटना में मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि ढाबे के मालिक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई के लिए खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभागों को रिपोर्ट भेज दी गई है।





