कानपुर में कोचिंग संचालक की दरिंदगी: 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म, डरा-धमकाकर महीनों किया शोषण

6Views

UP News: कानपुर में 10वीं की छात्रा ने कोचिंग संचालक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोपी ने धमकी देकर एक महीने से अधिक समय तक छात्रा का शोषण किया।

कानपुर में कोचिंग संचालक की दरिंदगी: 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म, डरा-धमकाकर महीनों किया शोषण
सांकेतिक तस्वीर(फोटो- TIL Creatives)

सुमित शर्मा, कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। किदवई नगर थाना क्षेत्र में एक 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा ने अपने कोचिंग संचालक पर एक महीने से अधिक समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपी ने छात्रा को डराने-धमकाने के साथ-साथ उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण पीड़िता चुप रही और डिप्रेशन में चली गई।

क्या है पूरी घटना

पीड़िता किदवई नगर क्षेत्र के एक स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। उसके पिता के अनुसार, आरोपी देवेंद्र पटेल उसी स्कूल में शिक्षक है और क्षेत्र में ब्राइट इंस्टिट्यूट नाम से कोचिंग संचालित करता है। छात्रा इसी कोचिंग में पढ़ने जाती थी।

गुरुवार सुबह जब मां ने उसे कोचिंग जाने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया। मां के बार-बार पूछने पर छात्रा ने रोते हुए पूरी घटना बता दी। उसने बताया कि पिछले साल दिसंबर से आरोपी देवेंद्र पटेल उसका दुष्कर्म कर रहा था। विरोध करने पर उसने माता-पिता और छोटे भाई को जान से मारने तथा जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी थी। डर के कारण वह चुप रही, लेकिन लगातार इस उत्पीड़न से वह गुमसुम और डिप्रेशन में चली गई।

परिजनों को यह सुनकर सदमा लगा। उन्होंने तुरंत बेटी को लेकर किदवई नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट और दुष्कर्म की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई

थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी कोचिंग संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया, जिसे शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने कोचिंग जाकर विरोध जताया, तो आरोपी ने पीड़िता पर झूठा आरोप लगाकर फंसाने की धमकी दी थी। इसी के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

Leave a Reply