
यूपी के बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र की मुस्लिम समुदाय की युवती हिन्दू बन राजकुमार के साथ विवाह बंधन में बंध गई। शादी के बाद युवती ने अपनी सुरक्षा को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामला बिनावर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव की रहने वाली मुस्लिम समुदाय की युवती नूर बी ने माही कश्यप बन गांव के ही राजकुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से मंदिर में विवाह किया है। इस विवाह से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें माही कश्यप यह कह रही है कि उसने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाते हुए 16 जनवरी को शादी की है। उसका कहना है कि वह युवक से पहले से प्रेम करती थी, लेकिन इस रिश्ते को लेकर उसके परिजन नाराज रहते थे। परिवार की असहमति के चलते वह घर से चली गई और मंदिर में विवाह किया।
वीडियो में माही कश्यप ने यह भी कहा है कि उसकी शादी के लिए किसी प्रकार का दबाव या जोर-जबरदस्ती नहीं की गई है। उसने अपनी और अपने पति व ससुराल पक्ष की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। माही कश्यप का कहना है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए उसके माता-पिता जिम्मेदार होंगे। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिलेगी तो जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोनभद्र में मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक संग रचाई शादी
इससे पहले सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज नगर में स्थित डंडईत बाबा मंदिर परिसर में एक मुस्लिम युवती ने अपने हिंदू प्रेमी के साथ रीति रिवाज के साथ विवाह कर लिया। काम के दौरान दोनों की डेढ़ साल पहले पहचान हुई थी, जो अब शादी के बंधन में बांधने के बाद समाप्त हुई।
दोनों बालिग प्रेमी-प्रेमिका को परिजनों की तरफ से विरोध झेलना पड़ रहा था। दोनों को धमकियां दी जा रही थी। इसके बाद प्रेमिका व प्रेमी शनिवार को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। थाना दिवस के दौरान युवती कोतवाली में पहुंचकर कहा था कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताना चाहती है। लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हैं।





