
अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोन न करने के चलते टैरिफ डील नहीं हो पाई थी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन नहीं किया और बात आगे नहीं बढ़ी। फिलहाल, इसपर भारत सरकार की ओर से प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हाल ही में ट्रंप ने भारत पर टैरिफ बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
एक पॉडकास्ट (All-In Podcast) में लुटनिक ने बताया, ‘मैं आपको भारत से जुड़ी एक बात बताता हूं। अगर आपको याद होगा तो मैंने सबसे पहले यूके से डील की थी। हमने यूके को बताया था कि उन्हें अब से दूसरे शुक्रवार तक इसपर अंतिम मुहर लगानी होगी। क्योंकि कई देश थे और जो पहले आएगा, वो पहले पाएगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सीढ़ियों की तरह डील करते हैं। पहली सीढ़ी वाले को सबसे अच्छी डील मिलेगी। पहली सीढ़ी गुजरने के बाद आपको वो डील नहीं मिलेगी। सभी कह रहे हैं कि मुझे यूके वाली डील चाहिए। उत्तर है कि वो पहले आए और उन्हें डील मिल गई…।’
भारत का कर रहे थे बार-बार जिक्र
लुटनिक ने कहा, ‘अगर आप इंतजार कर देखना चाहते हैं कि कैसा चल रहा है, तो ये आपका जोखिम है। … जब राष्ट्रपति ट्रंप से पूछ रहे थे कि अगला कौन है, तो आपको याद होगा कि वह कुछ देशों की बात कर रहे थे, लेकिन उन्होंने कई बार भारत का नाम लिया। हम भारत के बारे में बात कर रहे थे। हमने भारत को बताया कि आपके पास तीन शुक्रवार हैं…। मैंने कहा कि आपको मोदी की बात राष्ट्रपति से करानी होगी। वो ऐसा करने में असहज थे। तो मोदी ने कॉल नहीं किया। वो शुक्रवार निकल गया और अगले सप्ताह के मध्य तक हम इंडोनेशिया, फिलीपींस, वियतनाम से डील कर रहे थे।’
भारत पर तंज भी कसा
उन्होंने कहा, ‘जब डील ऊंची हो गईं, तो भारत ने कॉल किया कि हम तैयार हैं। मैंने कहा कि किस बात के लिए तैयार हैं, ये तीन सप्ताह हो गए हैं। आप उस ट्रेन के लिए तैयार हैं, जो स्टेशन छोड़ चुकी है।’
अमेरिकी मंत्री ने साफ किया है कि भारत को पहले मिली हुई डील अब नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका एक डील पर सहमत हुए थे, लेकिन भारत ने इसे पूरा नहीं किया और लाइन में पीछे चला गया। उन्होंने कहा कि पहले जिस डील पर सहमति बनी थी अब वह नहीं है।





